Tuesday, November 03, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
बिजनेस

14 नवंबर से सजेगा RLD T20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का मैदान, विजेता को मिलेगा एक लाख रुपये का इनाम

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 03 Nov 2026, 03:45 PM
14 नवंबर से सजेगा RLD T20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का मैदान, विजेता को मिलेगा एक लाख रुपये का इनाम

मेरठ। युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से मेरठ में RLD T20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) खेल प्रोत्साहन प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे IIMT यूनिवर्सिटी, गंगानगर के क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। टूर्नामेंट का समापन 27 दिसंबर को चौधरी जयंत सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर किया जाएगा।

10 टीमें लेंगी हिस्सा, होंगे 24 रोमांचक मुकाबले

टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें प्रतिभाग करेंगी, जिन्हें दो समूहों में बांटा गया है। प्रतियोगिता के दौरान लगभग 24 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें चौधरी सुपर किंग्स, राजकुमार रॉयल, RD 75, परसु 11, स्पोर्ट्स एक्स, लेमफोर्ड, वी डी वेयर, जाफरान 11, मुजफ्फरनगर टाइटन और गोल्डन ग्लेडिएटर की टीमें मैदान में उतरेंगी।

विजेता को एक लाख, उपविजेता को 51 हजार रुपये

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

'खेल से संगठन, संगठन से शक्ति' होगी थीम

रालोद खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. दीपक तोमर ने बताया कि आज के समय में युवाओं की आउटडोर खेलों के प्रति घटती रुचि को देखते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। इसके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा। टूर्नामेंट की थीम 'खेल से संगठन, संगठन से शक्ति' रखी गई है।

डॉ. दीपक तोमर के नेतृत्व में होगा आयोजन

पूरे टूर्नामेंट का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दीपक तोमर के नेतृत्व में किया जाएगा। खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल चौधरी और प्रदेश महासचिव अभिषेक चौधरी संयुक्त रूप से आयोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, वरिष्ठ क्रिकेटर इमरान और क्षेत्रीय अध्यक्ष शारिक चौधरी कोच की भूमिका निभाएंगे।

आयोजकों को उम्मीद है कि इस प्रतियोगिता से मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्रिकेट और खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी तथा स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।

शेयर करें:
मिलती-जुलती खबरें

कोई और खबर नहीं मिली।