अपहरण कर 6 लाख की फिरौती वसूलने, मारपीट और झूठे NDPS केस में फंसाने की धमकी का आरोप।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सिकंदराबाद कोतवाली में तैनात रहे तत्कालीन थाना प्रभारी नीरज मलिक समेत सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर थाने में बंधक बनाया, मारपीट की और 20 लाख रुपये की मांग की। शिकायत के अनुसार, बाद में 6 लाख रुपये लेने के बाद ही उसे छोड़ा गया।

पीड़ित सलमान ने डीआईजी से शिकायत कर आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसे और उसके भतीजे को झूठे NDPS केस में फंसाने तथा पैर में गोली मारने की धमकी दी। जांच के बाद डीआईजी के निर्देश पर तत्कालीन थाना प्रभारी, एसएसआई, एक कांस्टेबल और चार अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अपहरण, रंगदारी, मारपीट और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।