Saturday, August 01, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिक
क्रिकेट

एमआईईटी पब्लिक स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों का हुआ भव्य सम्मान, छात्रवृत्ति और पुरस्कार वितरित

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 01 Aug 2026, 02:21 PM
एमआईईटी पब्लिक स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों का हुआ भव्य सम्मान, छात्रवृत्ति और पुरस्कार वितरित

मेरठ। एमआईईटी पब्लिक स्कूल, जागृति विहार में आयोजित सम्मान समारोह 2025-26 में शिक्षा और प्रतिभा का उत्सव देखने को मिला। विद्यालय ने सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्रों, वार्षिक परीक्षा के टॉपर्स तथा एमआईईटी ओलंपियाड के विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित अलका तोमर, विद्यालय के चेयरमैन विष्णु शरण, मैनेजर बरखा अग्रवाल और प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, विद्यालय गीत, समूहगान और भारतीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

समारोह में आयुष यादव, आर्यन, परी पाल, स्पर्श सिंह, अनिष्का शर्मा, हंसिका गर्ग और शाश्वत सहित सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। वहीं कक्षा 1 से 12 तक के टॉपर्स, विभिन्न विषयों में पूर्ण अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और एमआईईटी ओलंपियाड के विजेताओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अलका तोमर ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है।

चेयरमैन विष्णु शरण ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। मैनेजर बरखा अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्र ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की पहचान हैं। प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण को देते हुए कहा कि विद्यालय की छात्रवृत्ति योजना प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास है।

कार्यक्रम का संचालन हेड गर्ल सोमिष्ठा और हेड बॉय अक्षित कुमार ने किया। समारोह का सफल आयोजन वरिष्ठ समन्वयक बुलबुल चौधरी, समन्वयक कृतिका सूदन, शिखा सचदेवा, नेहा तोमर, प्रियंका नारायण एवं समस्त शिक्षकों के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

शेयर करें: