Monday, September 07, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
क्रिकेट

मेरठ में 9 सितंबर को होगा मानवाधिकार प्रशिक्षण कार्यक्रम, 200 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 07 Sep 2026, 01:45 PM
मेरठ में 9 सितंबर को होगा मानवाधिकार प्रशिक्षण कार्यक्रम, 200 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ स्थित विधि अध्ययन संस्थान में 9 सितंबर 2026 को मानवाधिकारों पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर 7 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जानकारी दी गई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा मानवाधिकारों से जुड़े संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना है।

कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों के मूलभूत मानवाधिकारों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही भारत में मानवाधिकारों की रक्षा के लिए कार्यरत संस्थाओं की भूमिका और कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम संयोजक श्री आशीष कौशिक ने बताया कि राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मानवाधिकार शिक्षा एवं जागरूकता योजना के तहत देशभर के 22 संस्थानों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयनित किया है। इनमें चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संस्थान को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में 200 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीकरण कराया गया है। कार्यक्रम के दौरान मानवाधिकार एवं संवैधानिक प्रावधान, भारत के मानव अधिकार संस्थान, महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अधिकार, बंधुआ मजदूरी से संबंधित प्रावधान तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम सहित विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र के बाद चार अन्य सत्र भी आयोजित होंगे, जिनमें विशेषज्ञ मानवाधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे।

शेयर करें: