मेरठ के अब्दुल्लापुर निवासी एक परिवार ने अपने इकलौते बेटे राजा के लापता होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेरठ से न्याय की गुहार लगाई है। बहन आरती पुत्री स्वर्गीय कृष्ण ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका भाई राजा दिनांक 22 जुलाई 2026 से लापता है। परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, मित्रों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
आरती ने बताया कि उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और राजा परिवार का इकलौता भाई है। उसके लापता होने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। उन्होंने आशंका जताई है कि राजा को किसी ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया है या उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
पीड़ित परिवार ने एसएसपी मेरठ से मामले की गंभीरता से जांच कर राजा की शीघ्र सकुशल बरामदगी कराने तथा यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।