Sunday, August 16, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
लाइफस्टाइल

गरीब मरीजों को बेहतर इलाज देना राधा गोविंद हॉस्पिटल की प्राथमिकता: डॉ. अशोक अग्रवाल

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 05 Jul 2026, 02:47 PM
गरीब मरीजों को बेहतर इलाज देना राधा गोविंद हॉस्पिटल की प्राथमिकता: डॉ. अशोक अग्रवाल

मेरठ। जय भीम नगर स्थित राधा गोविंद हॉस्पिटल में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अस्पताल प्रबंधन ने गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में राधा गोविंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं न्यूनतम लागत पर उपलब्ध कराना है।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में सभी गर्भवती महिलाओं के लिए सामान्य एवं सिजेरियन प्रसव दवाइयों सहित पूरी तरह निःशुल्क कराया जा रहा है। भर्ती मरीजों की आवश्यक पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड भी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि नवजात शिशुओं का निःशुल्क टीकाकरण और जन्म प्रमाण-पत्र की सुविधा भी अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टिबाधा नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के ऑपरेशन लेंस सहित निःशुल्क किए जा रहे हैं।

अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही फैमिली हेल्थ कार्ड योजना के माध्यम से दवाइयों और विभिन्न जांचों पर विशेष छूट भी दी जा रही है।

डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में जल्द ही सीटी स्कैन (CT Scan) और एमआरआई (MRI) जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी, ताकि मरीजों को अन्य संस्थानों पर निर्भर न रहना पड़े।

प्रेस वार्ता में अस्पताल प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को सुलभ, किफायती और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल निरंतर कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर डॉ. भानु अवस्थी, डॉ. अमित शर्मा, डॉ. हबीब सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में दीपक राठी, पुनीत त्यागी, तुषार, मुकेश और अजब सिंह का विशेष योगदान रहा।

शेयर करें: