Thursday, July 23, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिक
लाइफस्टाइल

मेरठ: नवजात की मौत के बाद निजी अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 23 Jul 2026, 11:51 PM
मेरठ: नवजात की मौत के बाद निजी अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में नवजात की मौत को लेकर गुरुवार को तनावपूर्ण माहौल बन गया। मृत नवजात के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर इलाज में लापरवाही और डिलीवरी में अनावश्यक देरी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलते ही नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।

परिजनों का कहना है कि हुमायूं नगर निवासी शोएब ने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया था। उनका आरोप है कि लंबे समय तक सामान्य प्रसव कराने की कोशिश की गई और समय पर ऑपरेशन नहीं किया गया, जिससे गर्भ में पल रहे नवजात की जान नहीं बच सकी। इसी लापरवाही के विरोध में परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे और जवाबदेही की मांग की।

दूसरी ओर अस्पताल प्रशासन ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि चिकित्सकीय जांच के अनुसार गर्भ में ही नवजात की मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल की ओर से उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई।

हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई। काफी देर तक चली समझाइश के बाद मामला शांत हो गया और परिजन वापस लौट गए। पुलिस के अनुसार, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

नौचंदी थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस को केवल हंगामे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। चूंकि कोई तहरीर नहीं मिली है, इसलिए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

शेयर करें: