मेरठ । समाजवादी पार्टी की ओर से शुक्रवार को जेल चुंगी स्थित जिला कार्यालय पर बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस मनाया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में विचार गोष्ठी आयोजित कर उनके सामाजिक संघर्ष और बहुजन समाज को संगठित करने में योगदान को याद किया गया।
सपा जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने नौकरी छोड़कर अपना पूरा जीवन दबे-कुचले और वंचित वर्गों को जागरूक करने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने लोगों को संगठित होकर अपने अधिकारों को समझने और उनके प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कर्मवीर सिंह गुमी ने कहा कि कांशीराम ने वर्ष 1978 में बामसेफ की स्थापना की थी। इसके माध्यम से उन्होंने लोगों को संगठित और जागरूक करने का प्रयास किया। इसके बाद वर्ष 1984 में बहुजन समाज पार्टी की स्थापना कर बहुजन समाज की आवाज को राजनीतिक मंच प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और संविधान के मूल्यों को आगे बढ़ाने का काम किया। उनका जीवन सामाजिक जागरूकता, संघर्ष और समर्पण का उदाहरण है।
## विचारों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांशीराम के विचार आज भी वंचित वर्गों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक समानता के लिए प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं। उनके परिनिर्वाण दिवस पर उन्हें याद करने के साथ-साथ उनके संघर्ष और विचारों को आम लोगों तक पहुंचाना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मान्यवर कांशीराम के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।