Monday, July 20, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिक
क्रिकेट

22 जुलाई को होगा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह, 92 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 19 Jul 2026, 12:48 PM
22 जुलाई को होगा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह, 92 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) का 38वां दीक्षांत समारोह 22 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी।

समारोह में आईसीआरआईसैट (ICRISAT), हैदराबाद के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और दीक्षांत भाषण देंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अति विशिष्ट अतिथि तथा उच्च शिक्षा विभाग की राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष 92,332 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 43,176 छात्र (46.76%) और 49,156 छात्राएं (53.24%) शामिल हैं, जो उच्च शिक्षा में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए कुल 199 पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें 133 कुलपति स्वर्ण पदक, 62 प्रायोजित स्वर्ण पदक, 1 माननीय कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 1 भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक तथा 2 चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार शामिल हैं।

विश्वविद्यालय के अनुसार कुलपति स्वर्ण पदकों में 95 छात्राओं और 38 छात्रों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि प्रायोजित स्वर्ण पदकों में 49 छात्राओं और 13 छात्रों को सम्मान मिलेगा। इसके अलावा कुलाधिपति स्वर्ण पदक, डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे।

दीक्षांत समारोह से पहले विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वेरिफिकेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि समारोह की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और विभिन्न समितियां आयोजन को सफल एवं गरिमामय बनाने में जुटी हुई हैं।

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का उत्सव है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित नागरिक के रूप में तैयार करना भी है।

शेयर करें: