उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा में पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया है। दून पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर पर आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को प्रश्नपत्र भेजा, जिससे परीक्षा की गोपनीयता भंग हुई।
मामले का खुलासा होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी प्रोफेसर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। वहीं दून पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि पेपर लीक में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा कितने छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाया गया।