मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र निवासी राजीव गोयल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पुत्री के ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने के साथ ही बाद में सोशल मीडिया के जरिए परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक राजीव गोयल की पुत्री खुशी गोयल का विवाह 18 मई 2025 को पीयूष बंसल पुत्र संजीव बंसल, निवासी पुरानी गुड़ मंडी, कंकरखेड़ा, मेरठ के साथ हुआ था। प्रार्थी का आरोप है कि विवाह में करीब 85 लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन इसके बावजूद दहेज को लेकर बेटी को कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया। शिकायत में 10 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो कार की मांग किए जाने तथा मांग पूरी न होने पर मारपीट का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थी के अनुसार 25 मार्च 2026 को भी उसकी पुत्री के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत में बताया गया है कि गंगानगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद भी आरोपी पक्ष द्वारा कथित तौर पर परिवार को धमकाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में आगे आरोप है कि 10 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:08 बजे परिवार के एक सदस्य के मोबाइल नंबर पर कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजे गए। प्रार्थी का कहना है कि इसके बाद समाज के कई लोगों को फोन कर कथित अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और परिवार की प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास किया गया।
राजीव गोयल ने SSP से पूरे मामले की जांच कर गंगानगर थाने में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।