“जब तक शास्त्री नगर नहीं बचेगा, हमारा वोट नहीं पड़ेगा।”
मेरठ। शास्त्री नगर प्रकरण में अब मामला एक बार फिर गरमा गया है। लोगों की ओर से जारी किए गए एक नए पोस्टर ने स्थानीय माहौल में हलचल बढ़ा दी है। पोस्टर में साफ शब्दों में कहा गया है कि “जब तक शास्त्री नगर नहीं बचेगा, हमारा वोट नहीं पड़ेगा।”
पोस्टर में लोगों से पहले शास्त्री नगर को बचाने और उसके बाद वोट मांगने की बात कही गई है। साथ ही शास्त्री नगर के सम्मान और सुरक्षा को मतदान से जोड़ते हुए कई तीखे संदेश लिखे गए हैं।
पोस्टर में यह भी लिखा है कि “शास्त्री नगर की अनदेखी बंद करो, वरना चुनाव का बहिष्कार करो” और “हमारी एक ही पुकार—शास्त्री नगर बचाओ, तभी स्वीकार।” इसके अलावा सुरक्षा को चुनाव से पहले प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई है।
नए पोस्टर के सामने आने के बाद अब बड़ा सवाल यह है कि क्या शास्त्री नगर का मुद्दा आने वाले चुनाव में वोटिंग के फैसले को प्रभावित करेगा? लोगों के इस पोस्टर ने साफ संकेत दिया है कि स्थानीय मुद्दे को लेकर नाराजगी अब राजनीतिक संदेश का रूप लेती दिखाई दे रही है।