श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का सराहनीय आयोजन, साड़ी भेंट कर कराया स्नेह भोज
मेरठ में स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज के उपलक्ष्य में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की ओर से 501 जरूरतमंद माताओं एवं बहनों को सम्मान स्वरूप साड़ी भेंट की गई और स्नेह भोज का आयोजन किया गया।
एसजीएम गार्डन, लालकुर्ती में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि नीरज मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा महिलाओं को राष्ट्र पर्व और हरियाली तीज के महत्व से परिचित कराने के लिए लघु नाटिका एवं प्रेरणादायी व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में मेरठ विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष नूपुर गोयल, IAS की गरिमामयी उपस्थिति रही। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था भविष्य में अस्पताल, वृद्धाश्रम, मंदिर, यज्ञशाला एवं सामुदायिक भवन जैसी सामाजिक परियोजनाओं पर भी कार्य करने की योजना बना रही है।
ट्रस्ट के महामंत्री गिरीश कुमार बंसल ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद माताओं एवं बहनों को सम्मान, अपनत्व और सामाजिक सहयोग का अनुभव कराना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।