मेरठ। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में ‘पंख हौसलों की उड़ान’ संस्था के तत्वावधान में खेल महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया गया। बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर, डी-ब्लॉक शास्त्री नगर में आयोजित उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम संयोजक एवं संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना शर्मा ने बताया कि खेल महोत्सव का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना तथा बालक-बालिकाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों से जोड़ना है।

लगभग एक माह तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में 4 से 5 हजार खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना जताई गई है। विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शूटिंग, कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी, स्केटिंग, हॉकी, खो-खो, एथलेटिक्स, फुटबॉल, क्रॉस कंट्री, ताइक्वांडो, टग ऑफ वार, योग, कराटे, वॉलीबॉल, सेपक टकरॉ, थ्रो इवेंट, नृत्य, गायन और बास्केटबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा सांसद अरुण गोविल के सानिध्य में किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी ने की। इस अवसर पर राज्य मंत्री दिनेश खटीक, विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी अश्विनी त्यागी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, चिकित्सक, खेल अधिकारी, प्रशिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजन समिति में खेल एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं से जुड़े अनुभवी प्रशिक्षकों और वरिष्ठ लोगों को जिम्मेदारियां दी गई हैं, ताकि पूरे महोत्सव का सफल संचालन किया जा सके।
समापन समारोह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों, कोचों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।