तरसपाल मलिक बोले– युवाओं को नेतृत्व और आगे बढ़ने का अवसर देने वाली पार्टी है राष्ट्रीय लोकदल, किसानों और नौजवानों की आवाज उठाना हमारी पहचान
मेरठ। ग्राम रहावती-खालिदपुर में राष्ट्रीय लोकदल (युवा प्रकोष्ठ) की ओर से युवा संवाद एवं सदस्यता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, किसानों, महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की विचारधारा में विश्वास जताया।

कार्यक्रम के आयोजक युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक बाफर रहे, जबकि अध्यक्षता राष्ट्रीय लोकदल के मेरठ जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हस्तिनापुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल युवाओं को नेतृत्व देने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने वाली पार्टी है। किसानों और नौजवानों की आवाज को मजबूती से उठाना पार्टी की पहचान रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संदेश 'एक आंख खेत पर और एक आंख दिल्ली में रखो' आज भी किसानों और युवाओं के लिए प्रासंगिक है।

राष्ट्रीय लोकदल सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे ने कहा कि महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी बराबर की भागीदारी मिलनी चाहिए। संगठन और नेतृत्व में महिलाओं को उचित अवसर देना समय की आवश्यकता है।
विनय प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल से सर्वसमाज के लोग जुड़ रहे हैं। किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों के हितों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। वहीं, राष्ट्रीय लोकदल अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश महासचिव (संगठन) एवं प्रदेश प्रवक्ता आतिर रिजवी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और सभी वर्गों के सम्मान की विचारधारा है। अल्पसंख्यक समाज भी पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है।
राष्ट्रीय महासचिव (महिला) ऋचा सिंह ने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें संगठन एवं राजनीतिक नेतृत्व में समान अवसर देने पर जोर दिया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बाबू राम प्रजापति ने कहा कि पिछड़ा समाज बड़ी संख्या में राष्ट्रीय लोकदल से जुड़ रहा है। पार्टी हमेशा पिछड़े वर्गों के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की बात करती रही है।

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेता देवेंद्र गुर्जर ने कहा कि एनडीए गठबंधन जनसमर्थन के साथ मजबूती से आगे बढ़ रहा है। वहीं, राष्ट्रीय लोकदल किसान प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष संजय पनवाड़ी ने कहा कि पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में मजबूत हो रही है और एनडीए के महत्वपूर्ण घटक दल के रूप में किसानों, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज उठा रही है।
युवाओं को नेतृत्व देना राष्ट्रीय लोकदल की सोच : अनिकेत भारद्वाज
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मेरठ जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल युवाओं की सोच को आगे बढ़ाने वाली पार्टी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण उन्हें मेरठ जनपद के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने उन्हें यह जिम्मेदारी देकर युवाओं पर भरोसा जताया है।
कार्यक्रम आयोजक एवं युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक बाफर ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की नीतियां गांव, किसान, मजदूर और नौजवान के हितों को केंद्र में रखकर बनाई गई हैं। युवा संवाद एवं सदस्यता अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ना और उन्हें सामाजिक एवं राजनीतिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में तरसपाल मलिक, अनिकेत भारद्वाज, संगीता दोहरे, विनय प्रधान, ऋचा सिंह, विवेक बाफर, आतिर रिजवी, संजय पनवाड़ी, अभी सिंघल, देवेंद्र गुर्जर, बाबू राम प्रजापति, मेहरपाल काकरान, आशीष उर्फ पिंटू, युंगाश राणा, अर्जुन काली, नरेश मल्लापुर, अशोक खेपड़, अशोक चौधरी, जयराज एडवोकेट, गोविंद प्रजापति सहित अनेक पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया।