मेरठ में ऑनलाइन सट्टा गैंग का भंडाफोड़, 'सिल्वर भाई' वेबसाइट से चला रहे थे अवैध कारोबार
मेरठ। थाना लोहियानगर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी "सिल्वर भाई" नाम से संचालित एक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नए लोगों को जोड़कर उन्हें ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए प्रेरित करते थे और वेबसाइट के जरिए अवैध रूप से धन का लेन-देन किया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ युवक केवल हाईस्कूल तक शिक्षित बताए गए हैं, जो तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई मोबाइल फोन, एक लैपटॉप तथा ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी विनायक गोपाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवाओं को ऑनलाइन सट्टेबाजी के जाल से बचाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।