रजपुरा (मेरठ)। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग, मेरठ के तत्वावधान में विकास खंड रजपुरा की ग्राम पंचायत सिसौली में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अखिल चौधरी एवं महिला मंगल दल अध्यक्ष कु. सताक्षी के नेतृत्व में महिला मंगल दल की सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान ग्रामीणों को जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अखिल चौधरी ने कहा कि "पेड़ ही जीवन का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।" उन्होंने महिला मंगल दल की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के सहयोग से गांवों को हरित एवं स्वच्छ बनाया जा सकता है।
वहीं महिला मंगल दल अध्यक्ष कु. सताक्षी ने कहा कि लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण मिल सके।
कार्यक्रम में महिला मंगल दल की सदस्याओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।