मेरठ। बदलते डिजिटल मीडिया के दौर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि पत्रकारों को एकजुट होकर अपने अधिकारों और निष्पक्ष पत्रकारिता की मजबूती के लिए संगठित होना होगा।
उन्होंने कहा कि उपज प्रदेशभर के पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संगठन पत्रकार उत्पीड़न, सुरक्षा, मान्यता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सामाजिक सुरक्षा और पत्रकारों से जुड़े अन्य मुद्दों को सरकार व प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाता है।
अजय चौधरी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में फेक न्यूज़, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बदलती तकनीक पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां हैं। ऐसे समय में पत्रकारों का संगठित रहना और नैतिक मूल्यों के साथ जिम्मेदार पत्रकारिता करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने प्रदेश के सभी पत्रकारों से संगठन से जुड़कर पत्रकार हितों की लड़ाई को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि मजबूत और संगठित पत्रकार समाज ही लोकतंत्र को सशक्त बनाते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता की परंपरा को आगे बढ़ा सकता है।