मेरठ के जसवंत राय हॉस्पिटल परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक विशाल लिपस्टिक का पेड़ अचानक खड़ी गाड़ियों पर गिर गया। हादसे में कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय किसी भी गाड़ी में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि कोई वाहन के अंदर बैठा होता तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों और वाहन मालिकों का आरोप है कि अस्पताल के बाहर सीएम ग्रेड (CM Grade) के तहत नाले के निर्माण का कार्य चल रहा है। उनका कहना है कि नाले की खुदाई पेड़ की जड़ों के बिल्कुल पास की गई, जिससे पेड़ की पकड़ कमजोर हो गई और वह गिर पड़ा।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और वाहन मालिकों ने नगर निगम को कई बार फोन कर सूचना दी, लेकिन काफी देर तक न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही राहत कार्य शुरू हुआ। इससे लोगों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक पेड़ गिरने के कारण पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।