"हापुड़ में शराबी का पुलिस चौकी पर कब्जा! दरोगा की टोपी पहनकर मचाया तांडव, सरकारी रिकॉर्ड फाड़े"
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र स्थित देवनंदनी चेकपोस्ट पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नशे में धुत युवक अचानक पुलिस चौकी के अंदर घुस गया। युवक ने चौकी में जमकर हंगामा किया, सरकारी अभिलेख फाड़ दिए और दरोगा की टोपी पहनकर फिल्मी अंदाज में कुर्सी पर बैठ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने चौकी के अंदर रखे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को फाड़ दिया। इसके बाद उसने अंदर से गेट बंद कर लिया और चौकी परिसर में रखे कई गमलों को भी तोड़ डाला। उसकी हरकतों से पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को काबू में लेकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि युवक नशे की हालत में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।