मेरठ के वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीश सिंह राघव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि सिद्धांत उर्फ रवि रस्तोगी निवासी थाना ककरखेड़ा, बुलंदशहर सहित कुछ अन्य लोग लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं।
शिकायत पत्र के अनुसार, 1 अगस्त 2026 की सुबह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में मॉर्निंग वॉक के दौरान आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और रंगदारी न देने पर जान से मारने तथा उनके और उनके बेटों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। अधिवक्ता का कहना है कि शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से आरोपी वहां से फरार हो गए।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ वर्ष 2006 का एक पुराना आपराधिक मामला न्यायालय में लंबित है और उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट भी जारी है।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने SSP से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।