मेरठ। थाना लालकुर्ती क्षेत्र की लालकुर्ती मार्केट में खरीदारी करने गईं दो बहनों के साथ दो युवकों द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज, अभद्रता और छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है।
बताया गया है कि दोनों बहनें मार्केट में खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान दो युवकों ने उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ आपत्तिजनक हरकतें भी कीं।
घटना के दौरान मार्केट में मौजूद कुछ दुकानदारों ने विरोध किया और बीच-बचाव करते हुए दोनों युवकों को वहां से खदेड़ दिया। आरोप है कि मौके से भागते समय भी युवकों ने दोनों बहनों पर आपत्तिजनक फब्तियां कसीं।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना लालकुर्ती में प्रार्थना पत्र देकर दोनों युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की जांच के बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।