Saturday, September 05, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
स्वास्थ

मेरठ में टोल कारोबारियों के घर ED की रेड, 7 घंटे तक खंगाले दस्तावेज

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 04 Sep 2026, 03:19 PM

फर्जी सॉफ्टवेयर से टोल वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग केस में कार्रवाई, रविंद्र शर्मा और उनकी पत्नी से पूछताछ

मेरठ में टोल कारोबारियों के घर ED की रेड, 7 घंटे तक खंगाले दस्तावेज

मेरठ। एनएचएआई के टोल प्लाजा पर कथित तौर पर फर्जी सॉफ्टवेयर के जरिए अवैध वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मेरठ में बड़ी कार्रवाई की। देश के सात राज्यों और दिल्ली-एनसीआर में एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई के दौरान ED की लखनऊ जोनल टीम गंगानगर के राधा गार्डन पहुंची।

यहां टोल कारोबार से जुड़े बताए जा रहे रविंद्र कुमार शर्मा और उनके भाई देवेंद्र कुमार शर्मा के मकान पर करीब छह से सात घंटे तक तलाशी अभियान चला। टीम ने घर में रखे दस्तावेज, लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य कागजात खंगाले। जांच के दौरान महत्वपूर्ण मिले दस्तावेजों को ED टीम अपने साथ ले गई।

दरवाजा बंद कर अंदर चली जांच

ED की टीम बुधवार को एक वाहन से राधा गार्डन पहुंची और सीधे मकान के अंदर दाखिल हो गई। इसके बाद दरवाजा बंद करा दिया गया और बाहर सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया। कई घंटे तक आसपास के लोगों को भी कार्रवाई की भनक नहीं लगी।

बताया गया कि कार्रवाई के दौरान रविंद्र कुमार शर्मा और उनकी पत्नी से पूछताछ की गई। वहीं उनके भाई देवेंद्र कुमार शर्मा घर पर मौजूद नहीं थे।

टोल कारोबार से जुड़े लेन-देन की जांच

ED जिस मामले की जांच कर रही है, उसमें एनएचएआई के टोल प्लाजा पर कथित तौर पर फर्जी सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से वसूली किए जाने और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। इसी जांच की कड़ियों में मेरठ के इस ठिकाने को भी शामिल किया गया।

रात में टीम हुई रवाना

करीब छह से सात घंटे चली कार्रवाई के बाद ED की टीम देर रात मकान से बाहर निकली। टीम अपने साथ कुछ दस्तावेज और रिकॉर्ड लेकर गई। कार्रवाई के बाद मकान के बाहर नोटिस चस्पा किया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों को ED की छापेमारी की जानकारी हुई।

पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया था। स्थानीय पुलिस को भी कार्रवाई से पहले जानकारी नहीं दी गई थी। अब ED अपने कब्जे में लिए गए दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच करेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।

शेयर करें: