मेरठ। जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री को लेकर बीजेपी नेता अंकित चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी मेरठ बीजीटीएस मूर्ति से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर और जिले में खुलेआम बिक रहे चाइनीज मांझे पर चिंता जताते हुए इसकी बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
इस दौरान अंकित चौधरी ने कहा कि चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को जमीनी स्तर पर सक्रिय होना होगा। उन्होंने मांग की कि जिस थाना या चौकी क्षेत्र में चाइनीज मांझे से कोई घटना होती है, वहां संबंधित चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी भी तय की जाए और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई हो।
अंकित चौधरी ने कहा कि चौकी इंचार्ज केवल चौकी तक सीमित न रहें, बल्कि अपने क्षेत्र की गलियों और बाजारों में नियमित भ्रमण करें। चाइनीज मांझा बेचने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों की जान खतरे में डालने वाले इस प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर रोक लग सके।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में सौरभ अत्री, सौरभ पंडित, विवेक चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।