मेरठ। सावन मास में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए ‘एक प्रयास’ संस्था ने तीन दिवसीय सेवा अभियान चलाया। संस्था की अध्यक्ष ममता सिंघल के नेतृत्व में मोदीपुरम, बेगमपुल और बच्चा पार्क पर सेवा शिविर लगाए गए, जहां कांवड़ियों को भोजन, फल, दवाइयां और प्राथमिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई गई।

तीनों स्थानों पर संस्था के कार्यकर्ताओं ने लगातार तीन दिनों तक शिवभक्तों की सेवा की। लंबी दूरी पैदल तय कर मेरठ पहुंचे कांवड़ियों को राहत देने के लिए शिविरों में पौष्टिक भोजन, फल और अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। पैरों में दर्द, छाले और थकान से परेशान कांवड़ियों को आवश्यक दवाइयां, ओआरएस तथा प्राथमिक उपचार की सुविधा भी दी गई।
इस दौरान संस्था की अध्यक्ष ममता सिंघल ने स्वयं शिविरों की व्यवस्थाओं की कमान संभाली। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना उनके लिए केवल सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा कार्य कर रही है और आगे भी जनहित के ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा।
सेवा अभियान को सफल बनाने में निशी चौधरी, सीमा शर्मा, चांदनी, अनीता चौधरी, नीतू गुप्ता, मोना गुप्ता, प्रिया मित्तल, इंदु तोमर, रश्मि गुप्ता, पूनम सिंघल, रमा सक्सेना, सुमन मलिक और ऋतु शर्मा का विशेष योगदान रहा।
तीन दिनों तक चले इस सेवा अभियान की स्थानीय लोगों और शिवभक्त कांवड़ियों ने सराहना की।