मेरठ। शहर रामलीला कमेटी के तत्वावधान में गठित भव्य भरत मिलाप समिति 2026 की ओर से दिल्ली रोड स्थित रॉयल ब्लेस होटल में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें शहर रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों सहित भव्य भरत मिलाप समिति के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता में 22 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य भरत मिलाप कार्यक्रम की तैयारियों और यात्रा के मार्ग की जानकारी दी गई।
मुख्य संयोजक राकेश गौड़ ने बताया कि पिछले पांच वर्षों की परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी 22 अक्टूबर, गुरुवार को भगवान श्रीराम और भरत के मिलन का भावपूर्ण मंचन किया जाएगा। इसके बाद वनवासी राम के राजाराम स्वरूप धारण करने और अयोध्या भ्रमण की लीला का मंचन होगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा पंजाया स्थित शिव मंदिर से भगवान श्रीराम के प्रस्थान के साथ शुरू होगी, जबकि अनाज मंडी स्थित मंदिर से भरत और शत्रुघ्न चलेंगे। शारदा रोड स्थित शिव पैलेस के बाहर भगवान श्रीराम और भरत का मार्मिक मिलन होगा। इसके बाद वनवासी राम के राजाराम बनने की लीला होगी और ब्रह्मपुरी क्षेत्र को अयोध्या नगरी के स्वरूप में सजाया जाएगा।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगी यात्रा
भरत मिलाप यात्रा शारदा रोड, दिल्ली गेट चौराहा, ब्रह्मपुरी मोड़, ब्रह्मपुरी मुख्य मार्ग, इंदिरा नगर, शिव शक्ति नगर, माधवपुरम और प्रेम विहार से होते हुए हनुमान मंदिर पर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम के अयोध्या भ्रमण का मंचन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
13 डोलों और बैंड-बाजों से सजेगी यात्रा
समिति के अध्यक्ष विनीत गोयल ने बताया कि इस वर्ष भरत मिलाप कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। यात्रा में 13 डोले शामिल होंगे। इसके साथ नामी-गिरामी बैंड, नफीरी और शहनाई की धुनों के बीच आकर्षक धार्मिक प्रस्तुतियां होंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भगवान श्रीराम और भरत के मिलन का भव्य एवं दिव्य मंचन किया जाएगा।