मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र में गन्ने के खेत से बरामद अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, बेटे की चाह और दूसरी पत्नी से पैदा हुए बच्चे को अपने पास रखने के लिए महिला की हत्या की साजिश रची गई। मामले में थाना सरधना पुलिस और स्वाट टीम ने मुख्य आरोपी सादिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक ईंट बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को कुशावली से सलावा जाने वाले मार्ग पर संगीत सोम के फार्म हाउस के सामने गन्ने के खेत में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान के प्रयास शुरू किए।
21 अगस्त को सोशल मीडिया पर फोटो देखकर जुनैद ने मृतका की पहचान अपनी बहन शीबा के रूप में की। इसके बाद थाना सरधना में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
बेटे के जन्म के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस की पूछताछ और अब तक की विवेचना के अनुसार, आरोपी सादिक की पहली पत्नी आसिया से पांच बेटियां हैं। पुलिस का दावा है कि बेटे की चाह में सादिक ने शीबा से निकाह किया था। शीबा से उसे करीब 18 माह का बेटा हुआ।
आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद शीबा की सौतन आसिया उस बच्चे को अपने पास रखने और शीबा को रास्ते से हटाने का दबाव बनाने लगी। इसके बाद कथित तौर पर हत्या की साजिश रची गई।
घूमने के बहाने ले गए, फिर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शीबा को घुमाने के बहाने बलेनो कार में बैठाया। आरोप है कि कार में उसके साथ मारपीट की गई और ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कुशावली-सलावा मार्ग के पास गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
थाना सरधना पुलिस और स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सादिक पुत्र बाबर, निवासी मोहम्मदपुर लाला, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ को बेगमाबाद कट के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल एक ईंट भी बरामद की।
मामले में वसीला, आसिया और शादाब को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार अब तक कुल चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सामने आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।