मेरठ। थाना भावनपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर प्रकरण में फर्जी आधार कार्ड तैयार कर होटल में कमरा उपलब्ध कराने के आरोप में वांछित होटल संचालक अमन कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त को भावनपुर थाने में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर फर्जी आधार कार्ड तैयार करने, होटल में कमरा उपलब्ध कराने तथा अन्य संबंधित आरोपों में मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस ने बताया कि एसएसपी मेरठ के आदेश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर देहात के पर्यवेक्षण में भावनपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी अमन कुमार पुत्र ज्ञानचन्द (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी एम-ब्लॉक, थाना गंगानगर, मेरठ का निवासी बताया गया है और उसका मूल निवास ग्राम शेरपुर, थाना गुलावठी, जनपद बुलंदशहर बताया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।