इंस्टाग्राम इनफ्लुएंसर समेत तीन के खिलाफ FIR दर्ज, युवक का दावा- झूठे छेड़छाड़ केस और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ऐंठे पैसे
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सोशल मीडिया से जुड़ा एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग मामला सामने आया है। एक युवक की शिकायत पर इंस्टाग्राम इनफ्लुएंसर अरिशा और उसके दो साथियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी देकर रुपये वसूलने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे प्रेम संबंध के बहाने फंसाया गया, उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए गए और फिर उन्हें वायरल करने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 55 हजार रुपये वसूल लिए गए।

पीड़ित शाहरुख, जो संभल के चौधरी सराय क्षेत्र का रहने वाला है और फास्ट फूड सेंटर चलाता है, ने पुलिस को बताया कि करीब तीन वर्ष पहले नैनीताल यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात अरिशा से हुई थी। दोनों के एक ही शहर के होने के कारण बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान उसके कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में अरिशा और उसके साथी अनस तथा शुऐब ने उन फोटो-वीडियो को वायरल करने और छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया। युवक का कहना है कि डर के कारण उसने करीब 55 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी धमकियां और पैसे की मांग बंद नहीं हुई।

पीड़ित ने यह भी दावा किया कि वर्ष 2023 में दोनों पक्षों के बीच स्टाम्प पेपर पर एक समझौता हुआ था, जिसे नोटरी भी कराया गया था। उसके अनुसार, उस समझौते में अरिशा ने पहले लगाए गए आरोपों को झूठा बताया था, लेकिन इसके बावजूद कथित ब्लैकमेलिंग जारी रही।
मामले से परेशान होकर युवक ने संभल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अरिशा, उसके दो नामजद साथियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।