मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के हुमायूं नगर में पुलिस और स्वाट टीम प्रथम (नगर) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मकान के भीतर संचालित इस फैक्ट्री से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से तैयार और अर्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन, हथियार बनाने के उपकरण तथा सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी बरामद की गई है।
रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करीब एक महीने से गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर स्वाट टीम प्रथम और लिसाड़ी गेट पुलिस ने मुख्य आरोपी वसीम के ठिकाने पर छापा मारा, जहां अवैध हथियार बनाने का पूरा नेटवर्क संचालित मिला।
पुलिस ने वसीम, आफताब और नदीम को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चार तैयार पिस्टल, पांच अर्धनिर्मित पिस्टल, दो मैगजीन, बड़ी संख्या में हथियारों के पुर्जे, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग सामग्री, लोहे की प्लेटें और अन्य उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा हथियारों की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाली सुजुकी एक्सेस-125 स्कूटी भी जब्त कर ली गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे। हथियारों की तस्वीरें भेजकर सौदा तय किया जाता था और फिर आसपास के जिलों में उनकी सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले करीब तीन महीने से सक्रिय था। छापेमारी के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि मुख्य आरोपी वसीम हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क, हथियार खरीदने वालों, कच्चा माल उपलब्ध कराने वालों और आरोपियों की अवैध संपत्तियों की भी जांच कर रही है। दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।