'मसाज' की आड़ में क्या चल रहा है गंदा खेल? एसएसपी से हुई हाई लेवल जांच की मांग
मेरठ। मेरठ शहर में कथित अवैध स्पा सेंटरों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि शहर के कई स्पा सेंटरों में मसाज की आड़ में कथित रूप से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायत में इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक संचालकों और संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ललित जोशी का आरोप है कि शहर में करीब सात स्पा सेंटरों पर मसाज के नाम पर ग्राहकों को बुलाया जाता है और बाद में उन्हें अन्य सेवाओं का कथित रूप से प्रलोभन देकर अतिरिक्त धन की मांग की जाती है। उनका कहना है कि कई बार पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद ग्राहक तो पकड़ लिए जाते हैं, लेकिन असली संचालक और पूरे नेटवर्क को चलाने वाले लोग बच निकलते हैं।
प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि केवल औपचारिक कार्रवाई के बजाय पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर वास्तविक जिम्मेदार लोगों तक पहुंचा जाए। यदि किसी स्तर पर संरक्षण मिलने के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे कथित अवैध कारोबार शहर के सामाजिक माहौल और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं।