Sunday, August 16, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
स्वास्थ

मेरठ में फर्जी आधार-पैन से करोड़ों का प्लॉट हड़पने की साजिश! दिल्ली के युवक के नाम पर फर्जी गिफ्ट डीड, भू-माफिया पर गंभीर आरोप

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 06 Jul 2026, 05:29 PM
मेरठ में फर्जी आधार-पैन से करोड़ों का प्लॉट हड़पने की साजिश! दिल्ली के युवक के नाम पर फर्जी गिफ्ट डीड, भू-माफिया पर गंभीर आरोप

मेरठ: मेरठ में जमीन की धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली के एक युवक के नाम पर कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार कर करोड़ों रुपये कीमत के प्लॉट की गिफ्ट डीड करा दी गई। मामला तब सामने आया जब प्रॉपर्टी डीलर प्लॉट का सौदा पक्का करने के लिए युवक के दिल्ली स्थित घर पहुंचे।

दिल्ली के ज्योति नगर, शाहदरा निवासी दीपक जैन ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि उन्होंने वर्ष 2009 में कंकरखेड़ा क्षेत्र के खड़ौली स्थित वंडर सिटी फेज-3 में करीब 2.35 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा था।

शिकायत के अनुसार, 19 जून को दो प्रॉपर्टी डीलर उनके घर पहुंचे और बताया कि भारती जैन नाम की महिला उक्त प्लॉट बेच रही है। महिला का दावा था कि यह प्लॉट उसके भाई दीपक जैन ने गिफ्ट डीड के माध्यम से उसके नाम किया है। डीलरों ने यह भी बताया कि प्लॉट का सौदा तय हो चुका है और 50 हजार रुपये ऑनलाइन एडवांस भी दिया जा चुका है।

यह जानकारी मिलने के बाद दीपक जैन ने रजिस्ट्री से दस्तावेज निकलवाए। जांच में पता चला कि 15 अप्रैल 2026 को किसी व्यक्ति ने कथित रूप से खुद को दीपक जैन बताकर फर्जी आधार और पैन कार्ड के आधार पर 38.85 लाख रुपये मूल्य दर्शाते हुए प्लॉट की गिफ्ट डीड भारती जैन के नाम करा दी।

पीड़ित का कहना है कि भारती जैन नाम की उनकी कोई बहन नहीं है और गिफ्ट डीड में इस्तेमाल किए गए पहचान पत्र पूरी तरह फर्जी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठित भू-माफिया गिरोह ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके प्लॉट पर कब्जा करने और उसे बेचने की साजिश रची है।

पीड़ित ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच सीओ दौराला को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: