Monday, November 02, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
उत्तराखंड

आईआईएमटी विश्वविद्यालय में अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष पर भव्य कार्यक्रम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रनिष्ठा का लिया संकल्प

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 01 Nov 2026, 07:55 PM

विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रम में जुटे संत-महात्मा और संगठन के पदाधिकारी, मुख्य वक्ता डॉ. सुरेंद्र जैन ने हिंदू समाज की एकजुटता पर दिया जोर

आईआईएमटी विश्वविद्यालय में अशोक सिंघल जन्मशताब्दी वर्ष पर भव्य कार्यक्रम, सामाजिक समरसता और राष्ट्रनिष्ठा का लिया संकल्प

मेरठ। गंगानगर स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय में आज विश्व हिंदू परिषद की ओर से श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने भाग लिया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जय प्रकाश, गुरुकुल प्रभात आश्रम के कुलाधिपति स्वामी विवेकानंद सरस्वती, विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर, प्रांत अध्यक्ष सुशील जैन, ब्रजघाट के पूज्य कृष्णानंद जी महाराज, प्रांत मंत्री राजकुमार डूंगर और प्रांत सहमंत्री अमित जिंदल ने दीप प्रज्वलित किया।

हिंदू समाज की एकजुटता पर दिया जोर

मुख्य वक्ता डॉ. सुरेंद्र जैन ने श्रद्धेय अशोक सिंघल के योगदान को याद करते हुए कहा कि हिंदू समाज को अपनी मूल पहचान और वैदिक संस्कारों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर अपने सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्होंने हिंदू संगठनों की सामाजिक भूमिका और नेतृत्व को भी महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को अपनी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने मेरठ के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि इस क्षेत्र की पहचान केवल 1857 की क्रांति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध महाभारत कालीन इतिहास से भी है।

अपने संबोधन में डॉ. जैन ने देश की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार रखे। उन्होंने उत्तर प्रदेश को छुआछूत, जातिगत भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों से मुक्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अशोक सिंघल के योगदान को किया याद

विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर ने कहा कि व्यक्ति को अपने जीवन के उद्देश्य और कर्तव्यों का बोध होना चाहिए। उन्होंने श्रद्धेय अशोक सिंघल के जीवन और कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के साथ सामाजिक समरसता, छुआछूत उन्मूलन, धर्म सेवा और राष्ट्रनिष्ठा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गौ, गंगा, गायत्री, प्रकृति, संस्कृति और सभ्यता की रक्षा के लिए समाज से भेदभाव भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम में ब्रजघाट स्थित नेहनीड के छात्रों ने मलखंभ का शानदार प्रदर्शन किया, जबकि छात्राओं ने भगवान श्रीराम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री अरुण पांचजन्य, प्रांत संयोजक निमेष वशिष्ठ, राजीव गर्ग, राहुल, अवनीत बंसल, नवीन अग्रवाल सहित विश्व हिंदू परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रहित में कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

शेयर करें: