गाजियाबाद। आयुष वाल्मीकि हत्याकांड को लेकर आज़ाद अधिकार सेना के प्रदेश महासचिव एवं समाजसेवी मास्टर अब्दुल अजीज ने कड़ा बयान जारी करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।
मास्टर अब्दुल अजीज ने कहा कि वह किसी राजनीतिक लाभ या लालच के लिए नहीं, बल्कि समाजसेवी के रूप में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने विवादित प्लॉट से जुड़े पूरे मामले की जांच कराने, प्लॉट बेचकर प्राप्त धनराशि पीड़ित परिवार को दिलाने तथा आयुष को कथित तौर पर वहां बुलाने और उकसाने के आरोपों की भी जांच करने की मांग की।
प्रशासन को 11 दिन का समय
मास्टर अब्दुल अजीज ने प्रशासन को निष्पक्ष एवं न्यायसंगत कार्रवाई के लिए 11 दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि यह समय प्रशासन को उचित कार्रवाई करने का अवसर देने के लिए दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को न्याय मिलता है, तो धरना-प्रदर्शन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 11 दिन के भीतर न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई, तो आज़ाद अधिकार सेना वाल्मीकि समाज के साथ मिलकर कानून के दायरे में और आवश्यक अनुमति लेकर धरना-प्रदर्शन करेगी।
कथित भू-माफियाओं पर कार्रवाई की मांग
मास्टर अब्दुल अजीज ने समाजसेवा की आड़ में जमीन के अवैध कारोबार और दबंगई करने के आरोपों से जुड़े लोगों एवं संगठनों के खिलाफ भी जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि आयुष वाल्मीकि के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
मास्टर अब्दुल अजीज
प्रदेश महासचिव, आज़ाद अधिकार सेना, उत्तर प्रदेश