मेरठ। जानी थाना क्षेत्र स्थित भोला झाल में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी निवासी समीर पुत्र बाबू के रूप में हुई है। समीर अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और अपने पीछे पत्नी, एक बेटा व तीन बेटियों को छोड़ गया है। सबसे छोटी बेटी की उम्र मात्र दो महीने है।
जानकारी के अनुसार, समीर स्क्रैप का कारोबार करता था। रविवार शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ भोला झाल में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाने से पहले सभी दोस्तों ने शराब पी थी। नहाने के दौरान समीर गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद समीर के शव को पानी से बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने समीर के साथ मौजूद दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चार छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद परिवार गहरे आर्थिक संकट में भी आ गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नहाने के दौरान डूबने से मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर नहरों और झालों में लापरवाही से नहाने के खतरों की गंभीर याद दिलाता है।