Sunday, November 15, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
अपराध

11वीं बार हाउस अरेस्ट किए जाने पर मास्टर अब्दुल अज़ीज़ का पुलिस पर हमला, बोले- नशे के खिलाफ आवाज दबाना चाहती है पुलिस

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 14 Nov 2026, 09:25 AM
11वीं बार हाउस अरेस्ट किए जाने पर मास्टर अब्दुल अज़ीज़ का पुलिस पर हमला, बोले- नशे के खिलाफ आवाज दबाना चाहती है पुलिस

मेरठ, 14 नवंबर। अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाने वाले मास्टर अब्दुल अज़ीज़ को थाना लिसाड़ी गेट पुलिस ने कथित तौर पर 11वीं बार हाउस अरेस्ट कर लिया। शनिवार सुबह से उन्हें श्यामनगर स्थित उनके आवास पर नजरबंद किए जाने का दावा किया गया है।

मास्टर अब्दुल अज़ीज़ ने पुलिस की इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे उनके शांतिपूर्ण अभियान को दबाना चाहता है। उन्होंने बताया कि पिछले सात वर्षों से वह संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से युवाओं को नशे के जाल से बचाने तथा अवैध नशे के कारोबार को खत्म करने की मुहिम चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गढ़मुक्तेश्वर में गंगा मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री को अवैध नशे के खिलाफ शांतिपूर्ण ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम निर्धारित था। इसकी सूचना प्रशासन और एलआईयू को भी दी गई थी। इसके बावजूद उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया।

मास्टर अब्दुल अज़ीज़ ने सवाल उठाया कि अवैध नशे के खिलाफ आवाज उठाना क्या अपराध है? क्या सरकार को शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देना कानून का उल्लंघन है? उन्होंने कहा कि उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और उन्होंने कभी कानून हाथ में नहीं लिया। इसके बावजूद बार-बार हाउस अरेस्ट किया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई से ऐसा प्रतीत होता है कि नशे के खिलाफ उठने वाली आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की कार्रवाई से उनका अभियान रुकने वाला नहीं है। युवाओं को नशे से बचाने की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

**प्रस्तुतकर्ता: मास्टर अब्दुल अज़ीज़**

प्रदेश महासचिव एवं दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी, मेरठ 

शेयर करें: