मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले स्थित सर्किट हाउस में मंगलवार, 10 नवंबर को स्लम फाउंडेशन की ओर से राष्ट्रऋषि दत्तोपंत बापूराव ठेंगड़ी की जयंती के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्लम फाउंडेशन के राष्ट्रीय संरक्षक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पंडित सुनील भराला मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सुनील भराला ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के जीवन, उनके विचारों, राष्ट्र निर्माण और श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ठेंगड़ी का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और राष्ट्रहित में समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को सेवा, समर्पण और संगठन के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर सुनील भराला ने बताया कि 10 नवंबर स्लम फाउंडेशन का स्थापना दिवस भी है। उन्होंने फाउंडेशन की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन का मुख्य लक्ष्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद करना है।
उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास करना फाउंडेशन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के पदाधिकारी, भाजपा नेता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संगोष्ठी के अंत में सभी ने राष्ट्रऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज सेवा और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।