मेरठ में चुनावी माहौल के बीच पुलिस की पूछताछ पर प्रत्याशी ने जताई कड़ी नाराजगी, बोले— न डरेंगे, न जनता की आवाज दबने देंगे।
मेरठ। मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से आज़ाद अधिकार सेना के घोषित प्रत्याशी एवं पार्टी के प्रदेश महासचिव मास्टर अब्दुल अज़ीज़ ने थाना लिसाड़ी गेट पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के दबाव में पुलिस प्रशासन विपक्षी प्रत्याशियों को मानसिक रूप से परेशान करने और डराने का प्रयास कर रहा है।
मास्टर अब्दुल अज़ीज़ के मुताबिक, 4 नवंबर को थाना लिसाड़ी गेट पुलिस उनके आवास पर पहुंची और उनसे व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारियां जुटाईं। आरोप है कि पुलिस ने घर में सदस्यों और बच्चों की संख्या, परिवार के लोगों के कामकाज तथा पारिवारिक पृष्ठभूमि से संबंधित सवाल पूछे।
इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्षी प्रत्याशियों को इस तरह परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल कर चुनावी माहौल में दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
मास्टर अब्दुल अज़ीज़ ने कहा कि आज़ाद अधिकार सेना कानून के दायरे में रहकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी। पुलिस की ऐसी कथित दबाव बनाने वाली कार्रवाई से वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित फोटो और अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखे गए हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक किया जाएगा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से शांति बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखने की अपील की।
जारीकर्ता: मास्टर अब्दुल अज़ीज़, प्रदेश महासचिव एवं मेरठ दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी, आज़ाद अधिकार सेना, उत्तर प्रदेश।
ब्रेकिंग न्यूज़
मेरठ में आज़ाद अधिकार सेना के प्रत्याशी मास्टर अब्दुल अज़ीज़ के आवास पर पहुंची लिसाड़ी गेट पुलिस, पूछताछ को लेकर प्रत्याशी ने उठाए सवाल।
मास्टर अब्दुल अज़ीज़ ने लगाया सत्ता के दबाव में परेशान करने का आरोप, बोले— जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।