चार साल के संघर्ष, धैर्य और विश्वास के बाद नई शुरुआत; बोलीं- सत्य की जीत हुई, अब संकल्प को सिद्ध करना है।
नई दिल्ली। कांग्रेस में पुनः वापसी के बाद अभिनेत्री एवं कांग्रेस नेता अर्चना गौतम ने आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस परिवार में वापसी की खुशी साझा की और खड़गे से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुलाकात के बाद अर्चना गौतम ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलना उनके लिए बेहद सम्मान और खुशी का पल रहा। उन्होंने कहा कि चार साल के संघर्ष, धैर्य और विश्वास के बाद कांग्रेस परिवार में वापसी उनके लिए एक नई शुरुआत है।
अर्चना गौतम ने कहा कि खड़गे जी का आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलने से उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। उनका संकल्प है कि वह पूरी ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने तथा जनता की सेवा के लिए काम करेंगी।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, "संघर्ष वही है, हौसला पहले से भी मजबूत है और अब एक नई शुरुआत है। सत्य की जीत हुई है, अब संकल्प को सिद्ध करना है।"
अर्चना गौतम की इस मुलाकात और उनके बयान को कांग्रेस में वापसी के बाद उनके नए राजनीतिक सफर की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।