मेरठ । किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़ी मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू, जनपद मेरठ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों के हित में पांच प्रमुख मांगें उठाते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की गई।
भाकियू भानू के जिलाध्यक्ष ठाकुर उमेश राणा ने गन्ने का नया मूल्य तत्काल घोषित करने और कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, ऐसे में किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना बेहद जरूरी है।
ज्ञापन में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मेरठ मंडी में अलग से विशेष काउंटर स्थापित करने की मांग भी की गई, ताकि जैविक उत्पादों को किसानों के लिए बेहतर बाजार मिल सके।
इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की ऋण सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने, पांच साल की अवधि तक बार-बार नवीनीकरण की परेशानी समाप्त करने और किसानों को प्रतिवर्ष केवल देय ब्याज जमा करने की सरल व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई।

जिलाध्यक्ष ठाकुर उमेश राणा ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति और कृषि लागत को देखते हुए इन मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से किसानों को राहत देने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने की अपील की।
भाकियू भानू ने स्पष्ट किया कि किसान हित सर्वोपरि है और किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।