तरसपाल मलिक ने किया अभियान का शुभारंभ, महानगर अध्यक्ष विवेक बफर ने कार्यकर्ताओं को दिलाया संगठन मजबूत करने का संकल्प
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने मेरठ में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए ‘90 वाई–90 वाई अभियान’ की शुरुआत की है। मेरठ राष्ट्रीय लोकदल महानगर कैंट विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में तरसपाल मलिक ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विवेक बफर ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए महानगर की सभी 90 वार्डों में कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
तरसपाल मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा गांव, गरीब, किसान, नौजवान और सर्वसमाज के हितों से जुड़ी है। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करना होगा।
वहीं विवेक बफर ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संवाद कर संगठन को नई मजबूती दी जाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रालोद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।