Saturday, November 21, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
स्वास्थ

मेरठ में धार्मिक आस्था की आड़ में 32 ग्राम सोने की ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह बेनकाब, 5 गिरफ्तार

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 21 Nov 2026, 01:58 PM

चार आरोपियों पर था 25-25 हजार रुपये का इनाम, दिल्ली, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल तक फैले गिरोह के तार; 27 ग्राम पीली धातु और 3,600 रुपये बरामद

मेरठ में धार्मिक आस्था की आड़ में 32 ग्राम सोने की ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह बेनकाब, 5 गिरफ्तार

मेरठ। धनतेरस के दिन मेरठ के सर्राफा बाजार में धार्मिक आस्था और विश्वास का सहारा लेकर 32 ग्राम सोने की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय इरानी गिरोह का थाना देहली गेट पुलिस और स्वाट टीम नगर ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

थाना प्रभारी राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्वाट टीम नगर प्रभारी मनीष शर्मा की टीम के साथ मिलकर 21 नवंबर को यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित करीब 27 ग्राम पीली धातु और 3,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

धनतेरस पर कारीगर को बनाया था निशाना

पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के अवसर पर थाना देहली गेट क्षेत्र के सर्राफा बाजार में आरोपियों ने एक स्वर्ण आभूषण कारीगर को अपने जाल में फंसाकर करीब 32 ग्राम सोना ठग लिया था। पीड़ित बगबुल इस्लाम उर्फ बबलू की तहरीर पर 7 नवंबर को थाना देहली गेट में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

खुद को बताते थे ख्वाजा गरीब नवाज का मुरीद

पूछताछ में गिरोह का चौंकाने वाला तरीका सामने आया। गिरोह का एक सदस्य खुद को ख्वाजा गरीब नवाज का मुरीद या खादिम का बेटा बताकर धार्मिक व्यक्ति के रूप में पेश करता था। अन्य सदस्य पहले से तय योजना के तहत अनजान व्यक्ति बनकर वहां पहुंचते थे। आरोपी गुलाब का फूल मंगवाने, दुआ करने और मन की बात बताने जैसे तरीकों से पीड़ित का विश्वास जीतते थे।

इसके बाद धार्मिक दीदार कराने के बहाने पीड़ित को अपना सोना गिरोह के दूसरे सदस्य के पास रखकर कुछ दूरी तक जाने के लिए कहते थे। जैसे ही पीड़ित दूर जाता, गिरोह के सदस्य सोना लेकर मौके से फरार हो जाते थे। इसी तरीके से सर्राफा बाजार में ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया था।

चार इनामी समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में सरवर अली निवासी दिल्ली, सज्जाद अली उर्फ सज्जू, मुजाहिद अली उर्फ इमरान और मोहम्मद सादिक निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) तथा सद्दाम मौला निवासी पश्चिम मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सरवर अली, सज्जाद अली, मुजाहिद अली और मोहम्मद सादिक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

27 ग्राम पीली धातु और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 27 ग्राम पीली धातु और 3,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की वृद्धि की गई है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

राहुल कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस पूरे घटनाक्रम के खुलासे में थाना प्रभारी राहुल कुमार, स्वाट टीम नगर प्रभारी मनीष शर्मा, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, अंकित वर्मा, आदित्य वर्मा, सरविन्द कुमार यादव, अतुल त्रिपाठी सहित देहली गेट पुलिस और स्वाट टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

The Hindi समाचार | मेरठ

शेयर करें: