मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल के मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक कुमार बाफ़र के गोडविन कॉलोनी स्थित आवास पर जैनाचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज का शुभागमन हुआ। इस अवसर पर जैन समाज सहित पार्टी परिवार, मित्रजनों और कॉलोनी के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाराज श्री का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस दौरान विवेक कुमार बाफ़र ने जैनाचार्य श्री के चरण वंदन कर उनका स्वागत किया। इसके बाद महाराज श्री व्यासपीठ पर विराजमान हुए और उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने मंगल आशीर्वचन एवं आशीर्वाद से अभिसिंचित किया।
इस अवसर पर विवेक कुमार बाफ़र ने कहा कि परम पूज्य जैनाचार्य श्री का उनके निज निवास पर आगमन उनके जीवन के सबसे सुखद एवं सौभाग्यशाली क्षणों में से एक है। यह उनके लिए परम सौभाग्य की बात है कि उन्हें अपने आवास पर आचार्य श्री का सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला। उन्होंने कॉलोनीवासियों, पार्टी परिवार और परिजनों की ओर से महाराज श्री का हृदय से स्वागत किया।
अपने आशीर्वचन में जैनाचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज ने विवेक कुमार बाफ़र के मधुर व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि प्रिय विवेक का मधुरिम व्यवहार ही उनकी वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि वे विवेक को काफी समय से जानते हैं। आईआईएमटी एवं सुभारती के समय से ही विवेक एक अच्छे शिष्य के रूप में उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते रहे हैं। सरधना जाते समय महाराज श्री ने उनके आवास पर प्रवास कर श्रद्धालुओं को दर्शन एवं आशीर्वाद का सौभाग्य प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक श्रद्धा से सराबोर नजर आया। सैकड़ों श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने महाराज श्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर जसविंदर सिंह, नरेश मल्लापुर, अक्षय चौधरी, नमन बंसल, वरुण मलिक, अनंत खेपड़, नरेंद्र जैन, विशाल जैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।