मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में मनचलों की हरकतों से छात्राओं का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। लगातार सोशल मीडिया पर फोटो से छेड़छाड़, अश्लील पोस्ट और धमकियों से परेशान कई छात्राओं ने स्कूल जाना तक छोड़ दिया। मामला सामने आने के बाद छात्राओं की माताएं ब्रह्मपुरी थाने पहुंचीं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के अनुसार, पांच युवकों का एक समूह लंबे समय से छात्राओं का पीछा कर रहा था। आरोप है कि आरोपी छात्राओं की फोटो लेकर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से अश्लील पोस्ट और आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे थे। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने और उठाकर ले जाने की धमकी भी दी गई।

तीन आरोपियों की पहचान
शिकायत में पांच युवकों का जिक्र किया गया है, जिनमें से तीन की पहचान लिसाड़ी गेट की खुशहाल कॉलोनी निवासी विनय, माही और अदनान के रूप में की गई है। आरोप है कि ये आरोपी अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आईडी बनाकर छात्राओं को लगातार निशाना बना रहे थे।
फर्जी आईडी से फैलाई अश्लीलता
प्रारंभिक जांच में पुलिस को कई फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी मिली है। आरोप है कि इन्हीं अकाउंट्स के जरिए छात्राओं की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक पोस्ट डाली जाती थीं और उन पर भद्दे कमेंट भी किए जाते थे।
डर के कारण स्कूल जाना बंद
परिजनों का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से छात्राएं मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। भय के माहौल में कई छात्राओं ने स्कूल जाना बंद कर दिया और खुद को घर तक सीमित कर लिया।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
ब्रह्मपुरी पुलिस ने नामजद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।