Wednesday, November 25, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
उत्तराखंड

मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन के ₹3,000 करोड़ के निवेश से खुलेगा विकास का नया रास्ता, दो लाइन वाले कैन प्लांट की रखी गई आधारशिला

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 25 Nov 2026, 04:41 PM
मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन के ₹3,000 करोड़ के निवेश से खुलेगा विकास का नया रास्ता, दो लाइन वाले कैन प्लांट की रखी गई आधारशिला

मेरठ। औद्योगिक विकास के लिहाज से मेरठ के लिए बड़ी खुशखबरी है। वैश्विक कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन ने बुधवार को मेरठ में अपने नए दो-लाइन वाले एल्युमिनियम बेवरेज कैन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखी। करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाले इस प्लांट में वर्ष 2029 तक उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।

इस महत्वपूर्ण परियोजना में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर और सांसद अरुण गोविल सहित कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहे।

मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) में स्थापित होने वाला यह प्लांट भारत में बॉल कॉर्पोरेशन की तीसरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगा। इससे पहले कंपनी के तलोजा (महाराष्ट्र) और श्री सिटी (आंध्र प्रदेश) में प्लांट संचालित हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बॉल कॉर्पोरेशन का लगभग 3,000 करोड़ रुपये का निवेश उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे का प्रमाण है। इस परियोजना से रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय एमएसएमई, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और अन्य संबंधित उद्योगों को भी मजबूती मिलेगी।

कंपनी के मुताबिक मेरठ प्लांट से उत्तर भारत के ग्राहकों को बेहतर सप्लाई और सेवाएं मिल सकेंगी। गंगा एक्सप्रेसवे के नजदीक स्थित इस यूनिट से कनेक्टिविटी और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बॉल कॉर्पोरेशन की ईएमईए और एशिया की प्रेसिडेंट मैंडी ग्लू ने कहा कि भारत में कंपनी की यात्रा का यह महत्वपूर्ण पड़ाव है। मेरठ में नई यूनिट स्थापित होने से उत्तर भारत में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत होगी।

कंपनी के अनुसार भारत में बेवरेज कैन की मांग तेजी से बढ़ रही है। अनुमान है कि 2030 तक देश में एल्युमिनियम बेवरेज कैन की मांग लगभग दोगुनी हो सकती है।

मेरठ के लिए क्या होगा खास?

- लगभग 3,000 करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश।

- दो उत्पादन लाइनों वाला आधुनिक कैन प्लांट।

- वर्ष 2029 में उत्पादन शुरू होने की उम्मीद।

- बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर।

- ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा।

- उत्तर भारत में औद्योगिक निवेश और सप्लाई चेन को मजबूती।

यह परियोजना मेरठ को औद्योगिक नक्शे पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

The Hindi समाचार | मेरठ

शेयर करें: