मेरठ के जानी क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है। शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता अपने पति का घर छोड़कर अपनी बचपन की सहेली के साथ चली गई। दोनों युवतियों का दावा है कि वे पहले ही कोर्ट मैरिज कर चुकी हैं और अब साथ रहना चाहती हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां एक ही मोहल्ले की रहने वाली हैं और बचपन से एक-दूसरे की करीबी दोस्त थीं। साथ पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। जब इसकी जानकारी परिवारों को हुई तो उन्होंने विरोध किया और दोनों को मिलने से रोक दिया। इसके बाद 6 जुलाई को एक युवती की शादी गाजियाबाद के लोनी निवासी युवक से करा दी गई।
शनिवार को नवविवाहिता ने अपनी सहेली डॉली को फोन कर बताया कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती। इसके बाद डॉली लोनी पहुंची और डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस की मौजूदगी में अपनी सहेली को ससुराल से साथ ले गई।
थाने में दोनों युवतियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। उन्होंने पुलिस के सामने कहा कि वे पहले से कोर्ट मैरिज कर चुकी हैं और अब परिवार या ससुराल में नहीं, बल्कि साथ रहना चाहती हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के परिजन भी थाने पहुंचे। काफी समझाने के बावजूद जब दोनों अपने फैसले पर कायम रहीं, तो परिवारों ने उनसे रिश्ता खत्म करने की बात कही और मेरठ लौट गए। इसके बाद दोनों युवतियां वहां से कहीं चली गईं। फिलहाल उनके ठिकाने की जानकारी नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है।