मेरठ की 44-सरधना विधानसभा से विधायक अतुल प्रधान ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन सौंपकर सरधना विधानसभा क्षेत्र सहित जनपद मेरठ में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों और खराब विद्युत आपूर्ति की समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि सरधना, फलावदा, दौराला, लावड़, करनावल सहित कई ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से लगातार बिजली संकट बना हुआ है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली जाने से आमजन, किसान, व्यापारी और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने बताया कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं, जबकि कई ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं। लो-वोल्टेज की समस्या के चलते घरेलू उपकरण प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को सिंचाई करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इससे फसलों के नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने से जनता में नाराजगी बढ़ रही है।

विधायक अतुल प्रधान ने पीवीवीएनएल से मांग की है कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार कराया जाए, खराब एवं ओवरलोड ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए या उनकी क्षमता बढ़ाई जाए तथा अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसानों और आम जनता को राहत मिल सके।