मेरठ। दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के तत्वावधान में 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक सनसिटी, गाजियाबाद में आयोजित होने जा रहे विश्वविख्यात ऐतिहासिक महानाट्य "जाणता राजा" के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को गढ़ रोड स्थित होटल हार्मनी इन में एक भव्य बैठक आयोजित की गई। बैठक दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम के नेतृत्व तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक श्री महेंद्र जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अवसर पर महानाट्य के आधिकारिक पोस्टर का भी भव्य विमोचन किया गया।
बैठक में मेरठ महानगर के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रकवि डॉ. हरिओम पवार की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय गुप्ता ने की, जबकि आयोजन समिति के संयोजक विनय चौधरी भी मौजूद रहे।
डॉ. आशीष गौतम ने अपने संबोधन में बताया कि "जाणता राजा" केवल एक नाटक नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, राष्ट्रभक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और हिंदवी स्वराज्य की प्रेरणादायक गाथा का जीवंत मंचन है। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक श्री महेंद्र जी ने शिवाजी महाराज के आदर्श नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के मूल्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विजय राज सिंह ने प्रस्तुत किया।
बैठक में अरुण जिंदल, भाजपा जिला अध्यक्ष हरबीर पाल, भाजपा क्षेत्रीय मंत्री अंकुर राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष शिवकुमार राणा, डॉ. जे.बी. चिकारा, अजीत कुमार, पवन गुप्ता, वरुण अग्रवाल, राहुल शर्मा, अनिल 'गोल्डी', केतन मुद्गल, गौरव सिरोही, शलभ गुप्ता 'वासु', विनोद जाटव, अक्षय बेनीवाल, गालवीय त्यागी, आर्यन चौधरी सहित अनेक प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि "जाणता राजा" विश्वविख्यात ऐतिहासिक महानाट्य है, जिसमें 300 से अधिक कलाकार छत्रपति शिवाजी महाराज के संपूर्ण जीवन, उनके अद्वितीय शौर्य, राष्ट्रनिष्ठा और हिंदवी स्वराज्य की गौरवगाथा को भव्य मंचन के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत करते हैं।