Thursday, July 23, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिक

मेरठ: जैन समाज के प्रबुद्ध लोगों ने की प्रेसवार्ता, सूर्य सागर को जैन मुनि मानने से किया इनकार

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 24 Jul 2026, 12:08 AM
मेरठ: जैन समाज के प्रबुद्ध लोगों ने की प्रेसवार्ता, सूर्य सागर को जैन मुनि मानने से किया इनकार

मेरठ के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में गुरुवार को जैन समाज के प्रबुद्ध लोगों ने प्रेसवार्ता आयोजित कर सूर्य सागर को जैन मुनि मानने से इनकार किया। विश्व श्रमण संस्कृति श्रीसंघ के राष्ट्रीय महामंत्री सुदीप जैन ने कहा कि जैन धर्म की परंपरा, आचार और संयम के अनुरूप जीवन जीने वाले साधु ही जैन मुनि कहलाने के अधिकारी हैं। उनका दावा है कि कई दिगंबर जैन संस्थाओं ने संयुक्त रूप से पहले ही स्पष्ट किया है कि सूर्य सागर का जैन मुनि परंपरा से कोई संबंध नहीं है।

सुदीप जैन ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर इसी संबंध में जानकारी साझा की थी। इसके बाद उन्हें लगातार फोन कॉल और संदेशों के माध्यम से धमकियां मिलने लगीं। उनका आरोप है कि उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा जान से मारने और विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकियां दी गईं।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की शिकायत पुलिस और प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

प्रेसवार्ता के दौरान सुदीप जैन ने कहा कि वह जैन धर्म, संस्कृति और मुनि परंपरा की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने समाज से अपील की कि किसी भी व्यक्ति को जैन मुनि मानने से पहले उसकी धार्मिक मान्यता और परंपरा की पुष्टि करें तथा भ्रमित करने वाले दावों से सावधान रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि सूर्य सागर अपने नाम के आगे "जैन मुनि" शब्द का प्रयोग न करें।

शेयर करें: