मेरठ। गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अभियान के तहत 27 जुलाई (सोमवार) को मेरठ में भव्य प्रार्थना यात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी अभियान की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
अभियान के पदाधिकारियों ने बताया कि गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत गोहत्या-निषेध हेतु कठोर केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगों को लेकर देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दूसरे चरण में 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र देशभर के जिला अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्रियों को सौंपे जाएंगे।
सुबह 8 बजे शुरू होगा कार्यक्रम
मेरठ में यह कार्यक्रम 27 जुलाई को प्रातः 8 बजे श्रीकृष्ण-बलराम स्वरूप एवं गोमाता के पूजन के साथ शुरू होगा। इसके बाद सुबह 9:15 बजे भव्य प्रार्थना यात्रा निकलेगी। यात्रा के समापन पर श्रद्धालु भजन-कीर्तन, संकीर्तन एवं सामूहिक प्रार्थना करेंगे तथा जिला अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपेंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रार्थना यात्रा में संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, मातृशक्ति, युवा, किसान, गोभक्त एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
अभियान की ओर से सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित इस जनजागरण अभियान में भाग लेने और गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के समर्थन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।